ग्रेटर नोएडा। थाना बिसरख क्षेत्र में एक महिंद्रा लोडर ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का पैर इलाज के दौरान डॉक्टरों को काटना पड़ा। बिसरख कोतवाली पुलिस ने बुधवार को परिजन की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस को दी तहरीर में चिपियाना खुर्द निवासी सोनी देवी ने बताया कि उनके पति अमरजीत पासवान 9 अगस्त को सेक्टर-75 ड्यूटी के लिए जा रहे थे। गांव तिगरी में खजूर गेट के पास ट्रैक्टर चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे उनके पैर में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों को उनका पैर काटना पड़ा। वहीं कार्यवाहक निरीक्षक सतेंद्र कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।