दादरी (संवाद)। जारचा कोतवाली क्षेत्र के सीदीपुर गांव के समीप युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। गांव में पीड़ित कपिल परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने न्यायालय के आदेश पर दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि वह 29 अप्रैल को गांव से गाजियाबाद के लिए जा रहा था। जब वह गांव से कुछ दूर ट्रांसफार्मर के पास पहुंचा तो गांव के ही मनीष, पंकज और सनी ने आवाज देकर रोक लिया। रोकने के बाद तीनों ने पीड़ित की जेब से मोबाइल व पैसे छीन लिए। विरोध करने पर ईंट पत्थर व लात-घूसों से मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित जारचा कोतवाली में पहुंचा वहां पर पुलिस ने मेडिकल कराने के बहाने टरका दिया गया। कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। प्रभारी निरीक्षक कैलाश नाथ ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मनीष, पंकज और सनी के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।