दनकौर (संवाद)।
लतीफपुर बांगर गांव निवासी अस्पतालकर्मी अंशु शर्मा की कस्बे में स्थित एक क्लिनिक पर इंजेक्शन लगने के बाद मौत हो गई। मामले में परिजनों की शिकायत के बाद शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिव मेडिसिटी क्लीनिक को सील कर दिया है। मृतक के देवर विकल शर्मा ने बताया कि बुधवार शाम उनकी भाभी अंशु शर्मा की तबीयत खराब होने पर उन्हें इलाज के लिए क्लिनिक लाया गया था। आरोप है कि यहां डॉक्टर ने उन्हें इंजेक्शन लगाया। इसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। गंभीर हालत में उन्हें ग्रेटर नोएडा के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार घटना के बाद से क्लिनिक संचालक फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। बिसरा जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।