दादरी। कोतवाली दादरी क्षेत्र के रेलवे रोड स्थित एक ढाबे पर रात्रि के समय नौ सौ रुपये का खाना पैक कराया गया। पैसे मांगने पर मालिक और कर्मचारी के साथ लोहे की रॉड व लात- घूसों से मारपीट की गई। नगर के रेलवे रोड स्थित शिव वाटिका कॉलोनी में रमेश कुमार परिवार के साथ रहते हैं। उनका रेलवे रोड पर प्रिंस ढाबा है। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि 12 मार्च की रात्रि में वह ढाबे पर थे। इसी दौरान 8 से 10 लोग ढाबे पर आए। उन्होंने 900 रुपये का खाना पैक कराया गया। जब उन लोगों से पैक कराये खाने के पैसे मांगे तो उन्होंने मालिक व कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपी वहां से जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। ढाबे पर मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। एसएसआई दीनानाथ यादव ने बताया कि ढाबे पर पैसे के लेन-देन को लेकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई थी। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सनी राघव, विक्रांत रावल, शुभम और हेमंत का नाम प्रकाश में आने पर आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जा चुकी है।