नोएडा। बरौला गांव की प्रहलाद कॉलोनी में मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। सेक्टर-49 थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्नाव निवासी बबलू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार की शाम करीब साढ़े सात बजे उनके बेटे आयुष और अजय के साथ आनंद, मुकेश समेत अन्य लोगों ने गाली-गलौज और मारपीट की। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से मुरादाबाद निवासी कोमल ने पुलिस को शिकायत दी है। कोमल का आरोप है कि उसका भाई आनंद प्रहलाद कॉलोनी में बबलू के भूखंड के पास बैठा था। इसी दौरान बबलू का बेटा आयुष वहां पहुंचा और भूखंड के पास से जाने की बात कहते हुए गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आयुष अपने भाई अजय और अन्य साथियों के साथ आनंद, कोमल के पति अमित समेत अन्य लोगों के साथ मारपीट की। थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है। ब्यूरो