नोएडा। बैंक अकाउंट और एफडी तोड़कर 2.94 लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया है। एक्सप्रेसवे थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सेक्टर-168 स्थित लोटस जिंग सोसाइटी निवासी योगेंद्र सिंह ने बताया कि उनका इंडसइंड बैंक में लखनऊ के राजाजीपुरम शाखा में खाता है। इसी साल 18 सितंबर को किसी ने चार लाख रुपये की एफडी तुड़वा ली और दो लाख रुपये बंधन बैंक के खाते में ट्रांसफर कर लिए। शिकायतकर्ता के केनरा बैंक खाते से भी 94,700 रुपये निकले गए। यह खाता भी राजाजीपुरम शाखा में ही खुला था। इसके लिए खाता धारक की फर्जी आईडी बनाई गई। इस संबंध में पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत की है। रकम ट्रांसफर होने के बाद बैंक अधिकारी भी अपने स्तर से मामले की जांच कर रहे हैं। पूरे मामले में बैंक कर्मियों की भूमिका भी जांच की जा रही है। जिस एटीएम बूथ से रकम निकाली गई है वहां की सीसीटीवी फुटेज हासिल करने का पुलिस प्रयास कर रही है। ब्यूरो