150 की जांच में 90 में मिला फैटी लिवर
नोएडा। पाचन तंत्र एवं लिवर संबंधी बीमारियों की समय रहते पहचान और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सेक्टर-71 स्थित निजी अस्पताल में गैस्ट्रो हेल्थ कैंप लगाया गया। कैंप का नेतृत्व सीनियर कंसल्टेंट गैस्ट्रो साइंसेज डॉ. अरुण अय्यर और उनकी विशेषज्ञ टीम ने किया। इस कैंप में 150 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। कैंप के दौरान हुई जांच में 90 से अधिक लोगों में लिवर संबंधी समस्याओं की पहचान हुई। इनमें 78 लोगों में फैटी लिवर, 32 में गैस्ट्रोएसोफेगल रिफ्लक्स डिजीज, 30 में गैस्ट्राइटिस और 22 लोगों में क्रॉनिक लिवर डिजीज के संकेत पाए गए। वहीं, 55 प्रतिभागियों को एंडोस्कोपिक अल्ट्रासाउंड आधारित लिवर असेसमेंट कराने की सलाह दी गई। डॉ. अरुण अय्यर ने कहा कि आज की बदलती जीवनशैली, असंतुलित खानपान, मोटापा और मधुमेह जैसी समस्याओं के कारण फैटी लिवर व अन्य पाचन संबंधी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। ब्यूरो