ग्रेटर नोएडा (संवाद)। चार फीसदी विकसित भूखंड नहीं मिलने से नाराज किसानों ने अब दो अक्तूबर को पैदल मार्च निकालने की तैयारी शुरू कर दी है। आंदोलन को सफल बनाने के लिए प्रभावित गांवों में किसान बैठकें कर रहे हैं और ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में पैदल मार्च में शामिल होने का आह्वान किया जा रहा है। किसानों ने चेतावनी दी है कि पैदल मार्च के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। किसानों का कहना है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा जमीन अधिग्रहण किए जाने के बाद प्रभावित 44 गांवों के किसानों को अभी तक चार फीसदी विकसित आबादी भूखंड नहीं दिया गया है।