ग्रेटर नोएडा(संवाद)। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा किसानों की पुश्तैनी जमीन पर बनी पुरानी आबादी को अतिक्रमण के नाम पर गिराने से किसानों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि विरोध करने पर किसानों और संगठन के पदाधिकारियों के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कर लिए गए। एफआईआर में ऐसे लोगों के नाम भी शामिल किए है, जो मौके पर मौजूद नहीं थे। मुकदमों को वापस कराने समेत अन्य मांगों को लेकर किसान यूनियन सोमवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगी। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी, वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर विजय प्रताप सिंह, महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय संयोजक रेखा सिवाल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रोहित भाटी, राष्ट्रीय कार्यकारणी सदस्य जितेंद्र सिंह, यूथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सचिन शर्मा आदि मौजूद रहे।