नोएडा एयरपोर्ट के लिए एक इंच भी जमीन नहीं देंगे किसान : राकेश टिकैत
या
एयरपोर्ट के लिए न एक इंच जमीन देंगे और ना ही गांव खाली करेंगे किसान
- जेवर पहुंचे भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा, एयरपोर्ट से प्रभावित किसानों की पंचायत को किया संबोधित
- कहा- आंदोलन की जल्दबाजी नहीं करे किसान, एक साल में प्रशासन को देंगे जवाब
माई सिटी रिपोर्टर
जेवर/रबूपुरा। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से प्रभावित किसानों की पंचायत में जेवर और रबूपुरा के गांव में पहुंचे भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के तेवर सख्त दिखे। जेवर के रन्हेरा और रबूपुरा के नगला हुकुम सिंह में अपने संबोधन में उन्होंने साफ कहा कि जब तक किसानों की सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं तब तक किसान एयरपोर्ट के लिए न तो एक इंच भी जमीन देंगे और ना ही गांव खाली करेंगे। टिकैत ने कहा कि सरकारें किसानों से जमीन छीनकर व्यापारियों को सौंपने की तैयारी कर चुकी हैं। ऐसे में कम से कम एक वर्ष के आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर सरकार की नीतियों का विरोध करना होगा, जिससे सरकार किसानों की सभी मांगें पूरी करने के लिए बाध्य हो सके। पंचायत में किसानों ने विस्थापन नीति के खिलाफ टिकैत से आंदोलन करने के गुजारिश की।
शनिवार को राकेश टिकैत सबसे पहले रबूपुरा के नंगला हुकुम सिंह गांव पहुंचे थे। यहां उन्होंने कहा कि भाकियू किसी भी किसान से नाइंसाफी नहीं होने देगी। यदि किसी ने किसानों के साथ जोर जबरदस्ती करने का प्रयास किया तो इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। वहीं जेवर के रन्हेरा गांव में आयोजित पंचायत में किसानों ने उन्हें बताया कि 2017 में अधिग्रहीत जमीन में किसानों व उनके बालिग बच्चों को नौकरी के बदले 5.50 लाख रुपये दिए गए थे। अब किसान 12 लाख से कम में तैयार नहीं है। विस्थापन में 50 मीटर की जगह 100 मीटर के प्लॉट की मांग की। राकेश टिकैत ने कहा अधिग्रहण के प्रथम फेज में किसानों ने सरकार का विरोध नहीं किया, जिससे सरकार के हौसले बुलंद हो गए। कुछ धरने-प्रर्दशन किए भी गए तो यह कहकर बंद करा दिए कि सरकार से किसान अपने आप निपट लेंगे, लेकिन उसका उलटा हुआ। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ हुए धोखे के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठानी पड़ेगी। किसान तैयारी करें, पहले सरकार जो दे रही है उसे किसान ले लें। बाद में जब किसानों को विस्थापित करने के लिए अधिकारी आए तो उनसे हिसाब किया जाएगा। मांगे पूरी करे बिना बंदूक की नोंक के दम पर विस्थापन नहीं होने दिया जाएगा।
क्षेत्रीय प्रतिनिधियों से करें बात, मांगें पूरी न हुई तो 7 मई को महापंचायत
राकेश टिकैत ने कहा कि किसान पहले वोट देकर सरकार में चुने जाने वाले क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से सभी मुद्दों को लेकर बातचीत कर लें। यदि फिर भी बात नहीं बनती तो 7 मई को जेवर में यमुना एक्सप्रेसवे के साबौता कट पर महापंचायत में किसानों के साथ बैठकर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
किसान के बच्चों को मजदूर बनाने का हो रहा प्रयास
टिकैत ने कहा कि एयरपोर्ट बनने के साथ कई कंपनियां आएंगी, जिसके लिए सरकार किसानों की जमीन को लेकर मजदूरी पर लाना चाहती है। सरकार विकास की बात करती है केवल मजदूर बनाने के लिए। यदि किसान बर्बाद नहीं होगा तो सस्ता मजदूर कहां से मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाकियू किसानों को बर्बाद नहीं होने देगी।
मुख्यमंत्री की तारीफ की, कहां पांच साल किसानों को मिलेगी फ्री बिजली
राकेश टिकैत ने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में सरकार बनने पर पांच साल फ्री बिजली देने का वादा किया था। कुछ समय पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री ने किसानों को फ्री बिजली देने का वादा भी कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी हैं, वह झूठ नहीं बोलते। उन्हें विश्वास जताया कि पांच वर्ष किसानों को फ्री बिजली मिलती रहेगी।
भारी संख्या में पुलिस व पीएसी बल रहा मौजूद
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के रबूपुरा और जेवर में आने और किसानों की पंचायत की सूचना पर भारी संख्या में पुलिस के अधिकारी, पुलिस व पीएसी बल मौजूद रहा। नोएडा से लेकर जिले की सीमा तक पुलिस मुस्तैद रही।