- 96 दिनों से जारी है प्रदर्शन, मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का एलान
यमुना सिटी। जेवर के दयानतपुर गांव में किसान इस बार धरना स्थल पर ही दीपावली मनाएंगे। किसान करीब 96 दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं। उनकी मांग है कि यमुना प्राधिकरण यमुना एक्सप्रेसवे से प्रभावित किसानों को सात प्रतिशत आवासीय भूखंड, 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा और 60 मीटर सर्विस रोड से प्रभावित आबादी के बदले आबादी दे। किसान संघर्ष समिति के बैनर तले धरने पर बैठे किसानों ने मंगलवार को बताया कि इस बार धरना स्थल पर ही दीपोत्सव मनाया जाएगा। किसानों ने आरोप लगाया कि प्राधिकरण सात प्रतिशत आवासीय भूखंड देने के वादे से मुकर रहा है और उनके साथ धोखा कर रहा है। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक प्रदर्शन जारी रहेगा। धरने पर राकेश कुमार, वीरपाल, ओमवीर, धर्मवीर, लखपत सिंह और प्रेमपाल सहित अन्य किसान मौजूद रहे। ब्यूरो