ग्रेटर नोएडा (संवाद)। चार फीसदी अतिरिक्त भूखंड की मांग को लेकर 44 गांवों के किसानों ने शुक्रवार को घंघोला गांव से सत्याग्रह पदयात्रा निकाली। पदयात्रा के दौरान डाबरा और रामपुर फतेहपुर समेत तीन गांवों में बैठकें कर किसानों को आंदोलन के लिए जागरूक किया गया। किसानों से 22 अक्तूबर से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर प्रस्तावित अनिश्चितकालीन किसान सत्याग्रह में शामिल होने का आह्वान किया गया। कई गांवों में ग्रामीणों ने पदयात्रा का फूल-मालाओं से स्वागत किया। पदयात्रा के दौरान अमित भाटी और मोहित भाटी समेत संतराम प्रधान, कपिल गुर्जर, मदन मुखिया, अभय समेत कई किसानों ने विचार रखे।