रबूपुरा (संवाद)। मांगों का समाधान न होने से नाराज भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) ने आगामी विधानसभा चुनाव में नोटा का बटन दबाकर विरोध जताने का ऐलान किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्योराज सिंह ने बताया कि किसानों का धरना पिछले 15 महीनों से जारी है। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तीन बार मुलाकात कर समस्याएं रखी गईं, लेकिन हल नहीं निकला। हालांकि, हाल ही में मुख्यमंत्री के ओएसडी नरेंद्र कुमार चौहान ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। दावा है कि यमुना एक्सप्रेसवे आवासीय प्लॉट से जुड़े साक्ष्य क्षेत्रीय विधायक धीरेंद्र सिंह को भी सौंपे गए हैं। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया, तो किसान चुनाव में नोटा का इस्तेमाल कर अपनी ताकत का अहसास कराएंगे।