नोएडा में तिरंगा यात्रा निकालते किसान।
नोएडा। भारतीय किसान परिषद के बैनर तले शुक्रवार को 81 गांवों के किसानों ने तिरंगा यात्रा निकालकर प्राधिकरण के खिलाफ आक्रोश जताया। 60 फीट लंबे तिरंगे के साथ सैकड़ों महिलाएं चल रही थीं। काफी संख्या में किसानों ने प्राधिकरण कार्यालय का एक चक्कर लगाकर यात्रा समाप्त की। वहीं, बच्चों और बुजुर्गों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में हिस्सा लिया। किसान नेता सुखबीर खलीफा के नेतृत्व में किसानों ने हरौला स्थित बरात घर से तिरंगा यात्रा शुरू की। योजना यह थी कि प्राधिकरण के स्वागत कक्ष तक जाएंगे और वहां बैठेंगे, लेकिन यात्रा शुरू होेने के कुछ देर बाद इसमें बदलाव किया गया। वहीं, यात्रा के दौरान पुलिस हाई अलर्ट पर रही। जगह-जगह फिर से बैरिकेड किए गए, लेकिन किसानों से नोेकझोेंक नहीं हुई। किसान हरौला से निकलकर उद्योग मार्ग होते हुए प्राधिकरण के बाहरी गेट तक पहुंचे। यहां बैरिकेडिंग थी और जगह-जगह पुलिस भी मुस्तैदी से लगी रही। नारेबाजी के बीच किसानों ने प्राधिकरण के अधिकारियों तक अपनी आवाज पहुंचाने की कोशिश की। इस दौरान करीब 2000 लोग मौजूद रहे। सुखबीर खलीफा ने कहा कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होती, तब तक किसान यहां से वापस नहीं जाएंगे।