कृषि विधेयकों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
नूंह। कृषि विधेयकों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को धरना प्रदर्शन किया। इसमें नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद व फिरोजपुर झिरका विधायक चौधरी मामन खान इंजीनियर शामिल रहे। उन्होंने कृषि विधेयकों के विरोध में उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर आफताब अहमद ने कहा कि इससे न्यूनतम समर्थन मूल्य व मंडियां समाप्त हो जाएंगी। किसान कीमत निर्धारित नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि विधेयकों के कारण छोटे किसान से कंपनी परहेज करेगी और बड़ी कंपनियों को ही लाभ होगा। कंपनियां भंडारण करेगी और उनका हस्तक्षेप बढ़ेगा, कालाबाजारी इतनी बढ़ जाएगी कि किसान व आम आदमी परेशान हो जाएगा। हम किसान के साथ खड़े हैं, हाल ही में राज्यपाल से मिलकर विधानसभा सत्र बुलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विधेयक गलत तरीके से पास कराए गए हैं। अन्नदाताओं के साथ धोखा किया जा रहा है। किसान, मजदूर, आढ़ती को परेशान किया जा रहा है। फिरोजपुर झिरका विधायक चौधरी मामन खान इंजीनियर ने कहा कि भाजपा किसान विरोधी है और ये विधेयक किसान के लिए नई मुसीबत लेकर आएंगे। किसानों को लूटने नहीं देंगे चाहे कितना भी संघर्ष कांग्रेस को करना पड़े। इस दौरान पूर्व विधायक शहीदा तावडू, इब्राहिम इंजीनियर, मकसूद शिकरावा, शाहिद पतरिया, मुबारिक, मुबीन सहित अन्य लोग मौजूद थे।