नोएडा। किसानों और प्राधिकरण अधिकारियों के बीच बुधवार शाम को एक बार फिर वार्ता विफल हो गई। इसके बाद किसानों ने आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। बृहस्पतिवार को किसान पंचायत के बाद फिर से प्राधिकरण पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे। भारतीय किसान परिषद के बैनर तले किसानों का आंदोलन बुधवार को 57वें दिन भी जारी रहा। सैकड़ों किसान हरौला बरात घर पहुंचे। वहां प्राधिकरण की तरफ से बातचीत के लिए बुलावेे का इंतजार होता रहा। दोपहर बाद साढ़े तीन बजे किसानों को बताया गया कि शाम 5 बजे प्राधिकरण में अधिकारियों के साथ बातचीत होगी। इसके बाद किसान भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा के नेतृत्व मेें प्राधिकरण पहुंचे। यहां एसीईओ की अध्यक्षता में बैठक शुरू हुई। बैठक में जब अधिकारियों ने किसानों की मांग को बोर्ड बैठक में पारित कराने में असमर्थता जताई तो किसान बैठक से उठ गए। करीब एक घंटे की बातचीत बेनतीजा रही। किसान नेता प्राधिकरण दफ्तर से बाहर आ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान प्राधिकरण दफ्तर के पास कुछ देर के लिए अफरातफरी रही। खलीफा का कहना है कि वार्ता विफल होने से आंदोलन जारी रहेगा। किसानों की पंचायत में आंदोलन को और भी धारदार बनाने पर विचार विमर्श होगा।