जिम्स में ‘स्वस्थ जीवन के लिए शारीरिक गतिविधि का महत्व’ विषय पर हेल्थ टॉक
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) बॉयज़ हॉस्टल में सभी एमबीबीएस छात्रों के लिए ‘स्वस्थ जीवन के लिए शारीरिक गतिविधि का महत्व’ विषय पर हेल्थ टॉक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मेडिकल छात्रों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने और गैर-संचारी रोगों की रोकथाम में नियमित शारीरिक गतिविधि की भूमिका के प्रति जागरूक करना था। डिपार्टमेंट ऑफ कम्युनिटी मेडिसिन की ओर से आयोजित कार्यक्रम के सत्र के दौरान छात्रों को विश्व स्वास्थ्य संगठन के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। वयस्कों को प्रत्येक सप्ताह 150–300 मिनट मध्यम तीव्रता वाली या 75–150 मिनट अधिक तीव्रता वाली एरोबिक शारीरिक गतिविधि करनी चाहिए। हेल्थ टॉक में बताया गया कि नियमित व्यायाम मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोगों के जोखिम को कम करने के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य, नींद की गुणवत्ता और मांसपेशियों एवं हड्डियों को मजबूत बनाने में सहायक है। छात्रों को तेज चलने, साइकिल चलाने, योग करने, खेलों में भाग लेने, सीढ़ियों का उपयोग करने और लंबे समय तक बैठने के बीच नियमित अंतराल पर सक्रिय रहने के लिए प्रोत्साहित किया गया।