नहीं मिले हत्या के साक्ष्य, अंतिम रिपोर्ट लगाने की तैयारी
कोंडली गांव निवासी सचिन का शव कार के बाहर मिलने पर परिजन ने लगाया था हत्या का आरोप
हादसे से एक मिनट पहले काम मिला सीसीटीवी फुटेज बनेगा अंतिम रिपोर्ट का आधार
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र की जेपी अमन सोसाइटी के पीछे कोंडली गांव के सचिन का शव मिलने के मामले में पुलिस को हत्या के साक्ष्य नहीं मिले हैं। परिजनों ने सचिन के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाकर एक्सप्रेसवे पर जाम लगाया था। अब हादसे से लगभग एक मिनट पहले का फुटेज मिलने के बाद पुलिस सचिन की मौत सड़क हादसे में मानकर हत्या के केस में अंतिम रिपोर्ट लगाने की तैयारी कर रही है।
दो मार्च को प्रॉपर्टी डीलर सचिन का शव संदिग्ध हालात में उसकी कार के पास पड़ा मिला था। इसे देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। परिजनों और ग्रामीणों के हत्या का केस दर्ज करने की मांग को लेकर एक्सप्रेसवे पर जाम लगाने पर पुलिस ने 180 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। जांच में जुटी टीम के एक अधिकारी ने बताया कि पता चला है कि डिवाइडर से टकराकर कार पलटने से सचिन की मौत हुई थी। घटना की रात लगभग 1:45 बजे एक सुरक्षाकर्मी ने अपने सुपरवाइजर को हादसे की जानकारी दी थी। इससे करीब एक मिनट पहले का सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। जिसमें सचिन कार से हादसास्थल की ओर अकेला जाता दिख रहा है। इससे स्पष्ट हो रहा है कि सचिन की मौत सड़क हादसे में ही हुई है।