आठ की मौत के बाद भी मजदूरों की जिंदगी से खिलवाड़ जारी
- बिना जाल, सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट, जैकेट के ऊंचाई पर काम करते दिखे मजदूर
- प्राधिकरण ने 35 साइट का निरीक्षण कर, 13 स्थानों पर काम बंद कराया
जेपी शर्मा
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट में आम्रपाली के निर्माणाधीन प्रोजेक्ट में लापरवाही से आठ मजूदरों की मौत के बाद भी श्रमिकों की जिंदगी से खिलवाड़ जारी है। शनिवार को ग्रेनो की कई निर्माणाधीन साइट पर बिना सुरक्षा इंतजाम के मजदूर काम करते दिखे। अलग-अलग स्थानों पर सातवीं से दसवीं मंजिल पर काम कर रहे मजदूरों के पास न तो किसी तरह की सुरक्षा बेल्ट दिखी। न वह कोई हेलमेट लगाए थे। यहीं नहीं उनके सुरक्षा के लिए जाल भी नहीं लगाए थे।
वहीं मामले में प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को 35 निर्माणाधीन साइट का निरीक्षण किया गया। इनमें से 13 स्थानों पर खामियां लने पर निर्माण कार्य बंद करा दिया गया। अहम है कि शुक्रवार को ग्रेनो प्राधिकरण के अधिकारियों ने हादसे के बाद निर्माणाधीन साइट का निरीक्षण कर खामियां मिलने पर साइट सील करने का दावा किया था। इसके बावजूद क्षेत्र की निर्माणाधीन साइट पर काम कराने वाले जिम्मेदारों को न तो आठ मजदूरों की जान जाने का कोई गम था और न ही अधिकारियों की चेतावनी का कोई असर दिखा। शनिवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र की निर्माणाधीन साइटों पर मजदूरों की जिंदगी से खिलवाड़ जारी था।
नियमों का पालन कराने के लिए होगा सेमिनार
निर्माणाधीन साइट पर मानकों का पालन कराने के लिए अगले सप्ताह सेमिनार होगा। सभी आरडब्ल्यूए, बिल्डर आदि को स्ट्रक्चर ऑडिट कराने के लिए आदेश दिया गया है। शनिवार को 35 निर्माणाधीन साइट का निरीक्षण किया गया। इनमें मानकों का पालन न होने पर 13 साइट पर काम बंद करा दिया गया है। साइटों के निरीक्षण का अभियान जारी रहेगा और नियमों का पालन न करने वालों का काम बंद करा दिया जाएगा।
- अमनदीप डुली, एसीईओ ग्रेनो प्राधिकरण