ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित इरोस संपूर्णम सोसाइटी के निवासियों ने रविवार को बिल्डर के सेल्स ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया। आरोप है कि सोसाइटी में पानी और बिजली जैसी सुविधाएं भी ठीक से नहीं मिल रही हैं। हर सप्ताह पानी की समस्या झेलनी पड़ रही है। जिसका समाधान नहीं किया जा रहा है। सोसाइटी निवासी शशिधर ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को पानी की सप्लाई बाधित हुई थी। शुक्रवार सुबह सोसाइटी के टैंक का पानी खत्म हो गया, जिसके बाद लोगों के घरों में पानी आना बंद हो गया। बिल्डर प्रबंधन से शिकायत करने पर प्राधिकरण की कमी बताई गई। आरोप है कि यह समस्या प्रबंधन की मोटर खराब होने के कारण हुई, जोकि लोगों को नहीं बताई गई। सोसाइटी में करीब 24 घंटे तक पानी की समस्या बनी रही। जिसके कारण लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ब्यूरो