नोएडा (संवाद)। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय कार्यालय ग्रेटर नोएडा की ओर से शुक्रवार को नॉलेज पार्क–4 स्थित जीएनआईडीए परिसर में उत्तरी क्षेत्र राजभाषा सम्मेलन–2026 का आयोजन किया गया। इसकी शुरुआत अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त (आंचलिक कार्यालय यूपी) उदय बख्शी ने की। उन्होंने शासकीय कार्यों में राजभाषा हिंदी के व्यापक प्रयोग और प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से हिंदी के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में आलोक यादव की काव्य-प्रस्तुति और प्रख्यात कवि उपेंद्र पांडेय के ओजपूर्ण काव्य-पाठ ने समां बांध दिया। सम्मेलन में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से आए प्रतिनिधियों ने प्रशासनिक कार्यों में हिंदी के प्रभावी उपयोग पर विचार साझा किए।इस अवसर पर क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम (मुख्यालय) आलोक यादव, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त–1 नोएडा सुयश पांडे, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त–2 ग्रेटर नोएडा वैभव सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।