- आईबीए पदाधिकारियों ने दादरी विधायक को सौंपा समस्याओं का पत्र
ग्रेटर नोएडा। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को दादरी विधायक तेजपाल नागर से सेक्टर ईटा-वन स्थित आवास पर मुलाकात की। उद्यमियों ने औद्योगिक सेक्टरों में जलभराव, खराब ड्रेनेज, टूटी सड़कें, सीवर, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता और जलापूर्ति समेत समस्याएं रखीं। उद्यमियों ने कहा कि कई क्षेत्रों में नियमित पानी नहीं मिलने के बावजूद लाखों रुपये के बिल भेजे जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल करने और सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने की मांग की। विधायक तेजपाल नागर ने जल्द ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण व संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उद्यमियों की संयुक्त बैठक कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, संजीव चौहान और बिरेंद्र रावल मौजूद रहे। ब्यूरो