ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र सूरजपुर का निरीक्षण करते यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी
उद्यमियों ने यूपीसीडा के सीईओ को गिनाई समस्याएं
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डाॅ. बलकार सिंह ने सोमवार को औद्योगिक सेक्टरों का निरीक्षण किया। साथ ही उद्योग संगठनों के साथ बैठक कर यहां की समस्याओं को जाना। उद्यमियों ने मूलभूत सुविधाओं के साथ एसीईओ स्तर का अधिकारी गौतमबुद्ध नगर में तैनात करने की मांग की है। यूपीसीडा के सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने वरिष्ठ प्रबंधक (सिविल) को सड़क एवं नाली निर्माण से संबंधित कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ बनाने को कहा है। क्षेत्रीय प्रबंधक को निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का तत्काल निस्तारण करने को कहा है। निरीक्षण के बाद सीईओ ने कार्यालय में आईबीए, आईईए और आईआईए ग्रेनो चैप्टर समेत अन्य उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। जहां उद्यमियों ने औद्योगिक सेक्टरों का हाल बताया और समस्याओं को गिनवाया। उद्यमियों ने कहा है कि यूपीसीडा के सेक्टरों में काम शुरू हुआ लेकिन अप्रैल माह से काम बंद है। ग्रीन बेल्ट को विकसित करने, हाईमास्ट लाइट लगाने, सीसीटीवी कैमरा, सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी करने समेत अन्य मांगों को रखा है। सीईओ ने सभी के समाधान का आश्वासन दिया है। ब्यूरो