31 जुलाई को छह वर्ष पूरी करने वाले बच्चों का होगा नामांकन
-अब तक एक अप्रैल तक छह वर्ष पूरी होने पर मिलता था कक्षा एक में दाखिला
ग्रेटर नोएडा। बेसिक शिक्षा विभाग ने कक्षा एक में दाखिला लेने की उम्र में बदलाव किया है। जो बच्चे 31 जुलाई तक 6 वर्ष की उम्र पूरी करेंगे, उनका दाखिला कक्षा एक में किया जाएगा। जबकि अब तक एक अप्रैल को छह वर्ष की उम्र पूरी करने वाले बच्चों का नामांकन किया जाता था। गर्मी की छुट्टी खत्म होने के साथ ही विभाग नामांकन करने की कार्रवाई शुरू करेगा। विभाग ने कक्षा एक में प्रवेश के मामले में बच्चों को तीन माह की राहत दी है। यह बदलाव सत्र 2024-25 से ही लागू होगा। जिले के 152 स्कूलों में 50 छात्र भी नहीं हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि एक अप्रैल के नियम के कारण नामांकन दर में कमी आई थी। नियमों में बदलाव से तेजी से नामांकन बढ़ेगा। नए सत्र में अब तक चारों ब्लाक में 12 हजार से अधिक नामांकन हो चुके हैं। विभाग 28 जुलाई से स्कूल चलो अभियान शुरू करेगा। अधिक से अधिक बच्चों के नामांकन होने की उम्मीद है। ब्यूरो