ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर इंजीनियर से 10.45 लाख ठगे
जालसाजों ने टेलीग्राम ग्रुप पर जोड़कर की वारदात, पुलिस कर रही जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर जालसाजों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर इंजीनियर नीतीश कुमार से 10.45 लाख रुपये ठग लिए। जालसाजों ने इंजीनियर को टेलीग्राम ग्रुप पर जोड़कर वारदात की। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कर छानबीन कर रही है।
जेपी अमन सोसाइटी निवासी नीतीश ने शिकायत में बताया कि उनके पास कुछ समय पहले व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया था। इसमें घर से ही डिजिटल मार्केटिंग और ऑनलाइन ट्रेडिंग करके लाखों रुपये कमाने की बात कही गई थी। उस नंबर पर बात करने पर उन्हें एक टेलीग्राम के ग्रुप में जोड़ दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने उनको कुछ ई-कॉमर्स वेबसाइट के ऑनलाइन पेज को अच्छा रेटिंग और रिव्यू करने का टास्क दिया, जिसको उन्होंने पूरा कर दिया। इस दौरान कुछ फायदा हुआ। जालसाजों ने उनको दूसरे टास्क में ऑनलाइन ट्रेडिंग करने के लिए कहा। इस दौरान उनका एक अकाउंट बना दिया गया।
इसके जरिए उन्होंने कई कंपनियों के शेयर में निवेश किया। शुरुआती दौर में फायदा हुआ लेकिन जब उनकी रकम लाखों में पहुंच गई तो उनके अकाउंट को बंद कर दिया गया। इसके बाद फिर से अकाउंट को खोलने का झांसा देकर जालसाजों ने कई बार में 10.45 लाख रुपये ले लिए। साइबर क्राइम की प्रभारी निरीक्षक रीता यादव का कहना है कि इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।