फिरोजपुर झिरका। शहर में गुड़गांव- अलवर राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर हुए अतिक्रमण को दूसरे दिन भी हटाने का अभियान चलाया गया। इस अभियान में सड़क एवं भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों के अलावा ड्यूटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार व भारी पुलिस बल मौजूद रहा। सड़क एवं भवन निर्माण विभाग के एसडीओ ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि हाइवे पर निर्बाध रूप से वाहनों के आवागमन के लिए सड़क के दोनों ओर शहर में सर्विस रोड बनाए गए हैं। लेकिन दुकानदारों ने अपने सामने अवैध रूप से छोटी-छोटी दुकानें लगवाई हुई है। सर्विस रोड पर अतिक्रमण होने से बड़ी तादाद में छोटे वाहन पूरे दिन हाइवे पर खड़े रहते हैं। इस कारण हाइवे से बड़े वाहनों को गुजरने में काफी परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से अतिक्रमण करने वालों को कई बार समझाया गया है कि वह पीडब्ल्यूडी की भूमि व सर्विस रोड को मुक्त कर दें लेकिन अतिक्रमण करने वालों के हौसले बुलंद हैं। इसलिए दूसरे दिन भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया है। विरोध करने वालों से निबटने के लिए पुलिस बल का सहयोग भी लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।