चुनाव डयूटी कटवाने के लिए नए-नए बहाने लेकर आ रहे कर्मचारी
-महिला कर्मचारियों की संख्या सबसे अधिक, मेडिकल पैनल की रिपोर्ट पर भी उठा रहे सवाल
ग्रेटर नोएडा। लोकसभा चुनाव में ड्यूटी कटवाने के लिए शुक्रवार को भी कर्मचारियों की भीड़ विकास भवन में रही। एक महिला कर्मी ने तो ड्यूटी न कटने पर मेडिकल टीम की जांच रिपोर्ट पर ही सवाल उठा दिए। उनकी जांच फिर से करने के निर्देश दिए गए हैं। ड्यूटी कटवाने वालों में महिला कर्मचारियों की संख्या अधिक है। कार्मिक अधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी जनार्दन सिंह ने बताया कि 9,575 कर्मियों की ड्यूटी चुनाव में लगाई गई है। लोकसभा चुनाव कराने के लिए पीठासीन अधिकारियों के साथ-साथ प्रथम, द्वितीय व तृतीय मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई जा चुकी है। पहले चरण का प्रशिक्षण हो चुका है। 16 अप्रैल से दूसरे चरण का प्रशिक्षण दिया जाना है। अभी भी चुनाव ड्यूटी कटवाने के लिए कर्मचारी नए नए बहाने व बीमारी लेकर आ रहे हैं। मेडिकल पैनल की रिपोर्ट में स्वस्थ होने की पुष्टि के बाद भी कर्मचारी दोबारा पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को भी सिलसिला जारी रहा। ड्यूटी कटवाने के लिए एक हजार से अधिक प्रार्थना पत्र मिले हैं। मेडिकल पैनल की जांच में 50 से 60 लोग अनफिट मिले। उनकी ड्यूटी काट दी गई। वहीं, प्रार्थना पत्र निरस्त हो जाने के बाद अब कर्मचारी मेडिकल पैनल की जांच रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए दोबारा जांच कराने की मांग कर रहे हैं। महिला कर्मचारी ड्यूटी कटवाने के लिए अपने छोटे बच्चों को भी साथ लेकर आ रही हैं। 30 प्रतिशत महिलाओं ने गर्भवती होने का हवाला देते हुए अनुरोध किया है।