सेक्टर-94 से पुश्ता रोड के ऊपर बनेगा एलिवेटेड रोड, जुड़ेगा ग्रेटर नोएडा
- नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया तलाशेगा विकल्प
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-94 से पुश्ता रोड पर एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाने की तैयारी है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने इसकी तैयारी कर दी है। इस बाबत कुछ दिन पहले प्राधिकरण और प्रशासन के साथ एनएचएआई की बैठक हो चुकी है। इसमें विकल्प तलाशने को कहा गया है। दरअसल, नोएडा-ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाले एक्सप्रेसवे के विकल्प तलाशने के लिए अधिकारी कवायद कर रहे हैं। इसी कड़ी में दिल्ली में हुई बैठक में पुश्ते के साथ की सड़क को एक्सप्रेसवे के तौर पर तैयार करने पर विचार मंथन हुआ। बैठक में जमीन की अड़चन दूर करने के लिए एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाने पर चर्चा हुई।
एलिवेटेड एक्सप्रेसवे को दिल्ली से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जोड़ने की योजना है। न्यू नोएडा के मास्टर प्लान 2041 में भी इसका जिक्र किया गया है। हालांकि इस बाबत अभी अंतिम फैसला होना बाकी है। एयरपोर्ट से दिल्ली और नोएडा को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए भी यह जरूरी है क्योंकि वर्तमान एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव काफी ज्यादा है। इसके दूसरी ओर किसी तरह की सड़क बनाने का विकल्प मौजूद नहीं है क्योंकि दूसरी ओर सर्विस रोड के बाद मेट्रो का कॉरिडोर भी है। ऐसे में एक्सप्रेसवे के दाईं ओर ही विकल्प सही माना जा रहा है। अब इसके विकल्प के लिए अधिकारियों की टीम मौके पर जाकर जायजा लेगी और विचार मंथन के बाद डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाने का काम शुरू होगा। हालांकि यह तभी होगा जब इस परियोजना के लिए एकराय बन जाएगी।