बिजली चोरी व कर्मियों के बीच की मारपीट जांच शुरू
- विभाग में कार्यरत पांच अधिकारियों की भूमिका पर भी नजर
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-45 स्थित बिजली उपकेंद्र क्षेत्र में डेढ़ करोड़ की बिजली चोरी के आरोप और निगम कमिर्यों के बीच मारपीट के मामले में अब पश्चिमांचल के मेरठ मुख्यालय ने इस प्रकरण में गोपनीय जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसमें विद्युत निगम में कार्यरत पांच अधिकारियों की भूमिका पर भी विभाग की खास नजर है।
हाल ही में मिली एक गोपनीय सूचना के आधार पर मेरठ मुख्यालय के निर्देश पर हापुड़ के प्रवर्तन दल ने सेक्टर-45 क्षेत्र के सदरपुर और छलेरा में चार स्थानों पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की बिजली चोरी का खुलासा किया था। इसके बाद सेक्टर-45 स्थित उपकेंद्र पर तैनात लाइनमैनों के बीच कहासुनी के चलते जमकर मारपीट हुई थी। इसी प्रकरण के बाद लाइनमैन के भाई पर जेई के घर पर हमला करने का आरोप भी लगा था। मारपीट के मामले में कोतवाली सेक्टर-39 में दोनों पक्षों ने मुकदमा दर्ज करा रखा है। इन प्रकरण के बाद कई वीडियो भी वायरल हुए। इसमें सदरपुर के बिजली उपकेंद्र पर जुआ खेलते हुए कर्मियों का वीडियो भी शामिल है। एक तरफ पुलिस मामले की जांच कर रही है वहीं अब मेरठ मुख्यालय ने भी इसमें गोपनीय जांच शुरू कर दी है।