नोएडा (संवाद)। सेक्टर-121 स्थित होम सोसाइटी में करीब एक महीने से बिजली और पानी की समस्या बनी हुई है। निवासियों के मुताबिक बिजली आपूर्ति बाधित होने पर पानी की मोटर बंद हो जाती है, जिससे घरों में पानी की सप्लाई भी प्रभावित होती है। बच्चों, बुजुर्गों और नौकरीपेशा लोगों को दिक्कत हो रही है। कई परिवारों को अलग से पानी का इंतजाम करना पड़ रहा है। निवासी सत्यम ने बताया कि करीब एक महीने से कभी बिजली तो कभी पानी की समस्या सामने आ रही है। लोगों का कहना है कि सोसाइटी प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ है। निवासियों ने जल्द समस्या दूर कराने की मांग की है।