आज शाम छह बजे थम जाएगा चुनाव प्रचार, कल रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
- निकाय चुनाव के प्रेक्षक ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ-साथ सभी टीमों को किया अलर्ट
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिले की नगर पालिका और नगर पंचायतों में आज शाम चुनाव प्रचार थम जाएगा। शम छह बजे के बाद कोई प्रत्याशी प्रचार-प्रसार करता हुआ मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस बाबत चुनाव प्रेक्षक ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ अन्य सभी टीमों को अलर्ट कर दिया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित बैठक में चुनाव प्रेक्षक अधिकारियों को जरूरी दिशानिर्देश दिए है। बुधवार को तीनों तहसील से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी।
नगर पालिका परिषद दादरी और चार नगर पंचायत दनकौर, बिलासपुर, जेवर और जहांगीरपुर के अध्यक्ष और सदस्य पदों के चुनाव का मतदान 11 मई को होगा। चुनाव में 297 प्रत्याशी दिन रात प्रचार-प्रसार में जुटे हैं।
सोमवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में बैठक कर यूपीसीडा के सीईओ मयूर माहेश्वरी ने अधिकारियों से कहा कि प्रचार बंद होने के बाद सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण करेंगे। फ्लाइंग स्क्वायड, स्टेटिक और वीडियो ग्राफी टीम भी लगातार सक्रिय रहेगी। अगर कहीं पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन होता मिले तो तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचना दें। साथ ही उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करें।
यातायात से प्रभावित नहीं होना चाहिए चुनाव : प्रेक्षक
बैठक में प्रेक्षक मयूर माहेश्वरी ने कहा कि मतगणना, स्ट्रांग रूम और मतदान केंद्रों पर सभी तरह की सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए। सभी अधिकारियों को इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। मतदान केंद्रों पर पीने के पानी की व्यवस्था, शौचालय, रैंप, बरसात से बचने की व्यवस्था, बुजुर्गों व दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर व ई-रिक्शा की व्यवस्था होनी चाहिए। दादरी नगर पालिका का निरीक्षण करने के दौरान प्रेक्षक को मतदाता केंद्रों के बाहर यातायात प्रबंधन की समस्या दिखी। जिस पर उन्होंने कहा कि यातायात के कारण मतदान और मतणगना प्रभावित नहीं होने चाहिए। इसकी अभी से व्यवस्था करने के निर्देश है। कंट्रोल रूम का नंबर जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए है। कंट्रोल रूम में आने वाली सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाए। बैठक में डीएम मनीष कुमार वर्मा ने प्रेक्षक ने चुनाव से जुड़ी जानकारी दी। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की जानकारी दी।
आरओ और एआरओ को दिया प्रशिक्षण
जीबीयू में सोमवार को निकाय चुनाव की मतगणना को लेकर पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक, रिटर्निंग अफसर और सहायक रिटर्निंग अफसरों को प्रशिक्षण दिया गया। नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने चुनाव कर्मियों को प्रशिक्षित किया। उन्होंने कहा कि 13 मई की सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। दादरी नगर पालिका की मतगणना मिहिरभोज इंटर कॉलेज दादरी में होगी। इसी तरह नगर पंचायत बिलासपुर व दनकौर की मतगणना आदर्श इंटर कॉलेज दनकौर और नगर पंचायत जंहागीरपुर व जेवर की मतगणना जनता इंटर कॉलेज जेवर में होगी। एक मतगणना टेबल पर एक पर्यवेक्षक और तीन मतगणना सहायक होंगे। पोस्टल बैलट की गणना सबसे पहले रिटर्निंग अफसर के टेबल पर होगी। मौके पर वैध और अवैध मतों की जानकारी विस्तार से दी गई।