दनकौर। रीलखा गांव में घरेलू विवाद में बुजुर्ग ने तीन साल के पोते के साथ जहरीला पदार्थ पीकर जान दे दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अलीगढ़ निवासी निहाल (65) रीलखा गांव के एक कृषि फार्म पर नौकरी करते थे। पोता लव (3) भी उनके साथ ही रहता था।
मंगलवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि निहाल और पोते की हालत गंभीर है। पुलिस दोनों को जिम्स ले गई जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लव का पिता और मां कुछ दिन पहले बेटा-बेटी को निहाल के पास छोड़कर कहीं चले गए थे। इसके बाद निहाल पोते-पोती के साथ कृषि फार्म पर ही रहने लगे थे।
परिवार के अन्य लोग पोते-पोती को साथ रखने का विरोध करते थे। पुलिस ने आशंका व्यक्त की है कि इसी वजह से निहाल ने कोल्डड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाया और पोते को पिलाकर खुद भी पी लिया। वहीं, निहाल पोती को भी जहरीला पदार्थ पिला रहे थे, लेकिन उसने गला खराब होने से इनकार कर दिया था। पोती ने बताया कि दादा और भाई ने कोल्ड ड्रिंक पी थी। इससे उनकी हालत खराब हो गई थी। एडीसीपी विशाल पांडेय ने बताया कि परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।