ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर सिग्मा-1 स्थित होली पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को दो दिवसीय तारा तोमर मेमोरियल 18वीं इंटर-स्कूल फुटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में गौतमबुद्ध नगर और आगरा से आठ टीमें एचपीएस आगरा, एचपीएस ग्रेटर नोएडा, जीसस एंड मैरी, अर्सलाइन स्कूल, एस्टर स्कूल, कौशल्या वर्ल्ड स्कूल, ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल, देखी वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। स्कूल के स्पोर्ट्स एचओडी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पहले मैच में जीसस एंड मैरी ने दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल को 4-0 से हराया। दूसरे मैच में अर्सुलाइन कान्वेंट स्कूल की टीम ने ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल को 1-0 से पराजित किया। तीसरे मैच में एस्टर पब्लिक स्कूल ने होली पब्लिक स्कूल आगरा को 1-0 से हरा दिया। चौथे मैच में होली पब्लिक स्कूल ग्रेटर नोएडा की टीम ने कौशल्या वर्ल्ड स्कूल को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। शनिवार को पहला सेमीफाइनल मुकाबला अर्सुलाइन कॉन्वेंट स्कूल और एस्टर पब्लिक स्कूल, दूसरा मैच होली पब्लिक स्कूल ग्रेटर नोएडा और जीसस एंड मैरी स्कूल के बीच होंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय निदेशक शम्मी तोमर, प्रधानाचार्य अंजू पुरी ने किया। समन्वयक सुनीता सिंह, निशा जानी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।