भाजपा समर्थकों पर हमले में आठ नामजद, 30 पर केस दर्ज
- चौकी इंचार्ज समेत दो सब इंस्पेक्टर हटाकर दादरी किया गया संबद्ध
- निर्दलीय प्रत्याशी के बेटे ने भाजपा प्रत्याशी के भाई और बेटे पर लगाया जानलेवा हमले का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
जेवर। नगर पंचायत चुनाव का प्रचार थमने के बाद मंगलवार रात भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशियाें के समर्थकों में नोकझोंक होने के मामले में दोनों तरफ से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के आरोप लगाए गए। देर रात भाजपा समर्थकों की शिकायत पर पुलिस ने निर्दलीय प्रत्याशी नारायण माहेश्वरी के दो बेटे सहित आठ समर्थकों को नामजद करते हुए 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। उधर, निर्दलीय प्रत्याशी के बेटे सौरभ माहेश्वरी ने भी दो नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। चुनाव के दौरान माहौल खराब न हो सके, इसलिए कस्बे में अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर, आला अधिकारियों ने जेवर कस्बा इंचार्ज अनु प्रताप सिंह और कस्बा चौकी पर तैनात सब इंस्पेक्टर अविनाश को हटाकर दादरी से संंबद्ध कर दिया है।
भाजपा प्रत्याशी धर्मेन्द्र अग्रवाल के समर्थक अमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि मंगलवार रात वह और भाजपा प्रत्याशी धर्मेन्द्र अग्रवाल रात 10:30 बजे मोहल्ला भटपुरा में अख्तर खां के घर पर कुछ मेहमान के साथ खाना खा रहे थे। तभी निर्दलीय प्रत्याशी के बेटे सौरभ व गौरव के अलावा परिवार के रवि माहेश्वरी, कानीगढ़ी निवासी प्रवीन, मोहल्ला बनी इसराइल निवासी योगेश, कोठेतरिया निवासी शेरसिंह, सल्लियान निवासी संजय मोहल्ला कंबुआन निवासी वकील और 30 अज्ञात लोगों ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। इससे अख्तर खां के मकान की खिड़कियों के शीशे टूट गए। आरोपी पीड़ित को जातिसूचक शब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। वही, निर्दलीय प्रत्याशी के बेटे सौरभ ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि वह मंगलवार रात घर लौट रहा था। रास्ते में भाजपा प्रत्याशी के भाई और बेटे ने लाठी डंडों और धारदार हथियार से जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। इसमें उसे गंभीर चोट आई है।
-
देर रात तक थाने में जमे रहे दोनों पक्षों के समर्थक
घटना के बाद पहले भाजपा प्रत्याशी के अलावा पदाधिकारी व समर्थक थाने पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायत दी। कुछ देर बाद ही निर्दलीय प्रत्याशी का बेटा भी शिकायत लेकर कोतवाली पहुंच गया। भाजपा समर्थक की शिकायत पर तड़के मुकदमा पंजीकृत किया गया है, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी की शिकायत की जांच की जा रही है।
-
थाने में पुलिस के सामने समर्थकों में कहासुनी
शिकायत कराने पहुंचे समर्थकों में पुलिस के सामने ही कहासुनी हुई। कोतवाली में मौजूद कुछ लोगों ने दोनों पक्षों को को शांत कराते हुए एक पक्ष को कोतवाली से बाहर भेजा बाद में दूसरा पक्ष भी बाहर चला गया लेकिन पुलिस के सामने हुई नोकझोंक से पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्न चिह्न उठने लगे हैं।