ग्रेटर नोएडा (संवाद)। नालेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 23 से 25 अप्रैल तक शिक्षा एक्सपो 2026 एवं विश्व गुरु सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों, उच्च शिक्षा संस्थानों और शिक्षा नवाचारकर्ताओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन में योगदान दिखाने का अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम की शुरुआत के लिए बृहस्पतिवार को एक्सपो सेंटर में कर्टन रेजर कार्यक्रम आयोजित किया गया। फेडरेशन ऑफ एजुकेशन इन इंडिया ने इस अवसर पर शिक्षा को समर्पित भारत के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों से भारत शिक्षा एक्सपो 2026 के साथ औपचारिक साझेदारी की घोषणा की। कर्टन रेजर कार्यक्रम में देश-विदेश से शिक्षाविद्, विश्वविद्यालय, नीति निर्माता, उद्योग जगत के नेता, प्रदर्शक और प्रायोजक उपस्थित रहे।