उपकेंद्र में चोरी की बिजली से चार्ज हो रहे ई-ऑटो
फोटो-
कर्मियों के रिश्तेदारों के बताए जा रहे ऑटो, विभाग बन रह अंजान
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कर्मचारियों की सांठगांठ से बिजली चोरी का धंधा जिले में खूब फल-फूल रहा है। फेज-2 स्थित एक बिजली उपकेंद्र में तो तीन ई-ऑटो अवैध रूप से चार्ज किए जा रहे हैं। ये तीनों ऑटो उपकेंद्र में तैनात एक कर्मचारी के रिश्तेदारों के बताए जा रहे हैं। इधर विभागीय अधिकारियों की मानें तो उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी।
फेज-2 क्षेत्र के हौजरी कांप्लेक्स स्थित 33/11 केवी के उपकेंद्र में पिछले कई महीनों से चोरी की बिजली से तीन ई-ऑटो चार्ज हो रहे हैं। ये अब तक विभाग को लाखों रुपये का चूना लगा चुके हैं। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इससे विद्युत निगम की काफी फजीहत हो रही है। बताया जा रहा है कि तीनों ई-ऑटो जिस शख्स के हैं वह उपकेंद्र पर तैनात एक संविदाकर्मी, एक विद्युत निगम कर्मचारी और एक अधिकारी का रिश्तेदार है।
इसी तरह बीते दिनों मेरठ व हापुड़ की विजलेंस टीम ने सेक्टर-45 के छलेरा और सदरपुर गांव में चोरी की बिजली से ई-रिक्शा चार्ज के मामले का खुलासा भी किया था। इसमें डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की बिजली चोरी पकड़ी गई थी। मामले में जेई और एसडीओ को भी निलंबित किया गया था। ताजा मामले में मुख्य अभियंता राजीव मोहन का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं है। जांच कराई जाएगी,जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।