द्रोण गोशाला में मिला सड़ा चारा और नकली खल
दनकौर। द्रोण गोशाला में गली हुई धान की कुट्टी, सड़ा हुआ चारा और नकली खल मिला है। वहीं, गायों को धूप में बैठे देखकर अधिकारियों ने नाराजगी जताई साथ ही इसकी शिकायत आला अधिकारियों और मुख्यमंत्री से करने की बात कही। बता दें कि ये खामियां भाकियू अंबावता के जिला कोषाध्यक्ष महीपाल गर्ग की शिकायत और सीडीओ के निर्देश पर सोमवार को मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी वी के श्रीवास्तव द्वारा निरीक्षण के दौरान सामने आईं। निरीक्षण में चिकित्सा अधिकारी धीरज पाल गंगवार भी मौजूद रहे। महीपाल गर्ग का आरोप है कि गोशाला में दान के रूप में काफी धन मिलता है। इसी धन से अस्पताल, डिग्री कॉलेज और कॉन्वेंट स्कूल बनाया गया। इन तीनों से भी काफी कमाई होती है। बावजूद गोशाला की गायों की देखभाल नहीं होती है। कुछ समय पहले गोशाला के पूर्व प्रबंधक का एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें उन्होंने गोशाला ट्रस्ट की मदद से कुछ फीसदी लेकर काले धन को सफेद कराने की बात कही थी। इस मामले में भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि गोशाला की आड़ में समिति के लोगों ने भ्रष्टाचार कर धन अर्जित किया है। जिसके विरोध में किसान संगठन बड़े आंदोलन की तैयारी में है। अशोक नागर, उधम नागर, कृष्ण भाटी , सुनील, बिजेंद्र प्रधान, भोला कसाना और आशीष सिंघल मौजूद रहे।
वर्जन
सीडीओ के निर्देश पर गोशाला का निरीक्षण किया गया है। सीडीओ को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
वी के श्रीवास्तव, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी