जमालपुर कलां गांव के आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में मिली गंभीर अनियमितताओं के चलते जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) धर्मवीर सिंह ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने सात आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और छह सहायिकाओं का मानदेय रोक दिया है साथ ही इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण भी मांगा है।जमालपुर कलां गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय के परिसर में आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित होते हैं। गांव के आंगनबाड़ी के भवन यहीं पर बनाए गए हैं लेकिन ग्रामीण लगातार इनके संचालन में अनियमितता की शिकायतें कर रहे थे। ग्रामीणों ने केंद्र नहीं खुलने और सरकारी योजनाओं का लाभ न दिए जाने की शिकायत की थी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर बुधवार को डीपीओ धर्मवीर सिंह ने इन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दाैरान कई खामियां और लापरवाही सामने आईं। डीपीओ धर्मवीर सिंह ने अनियमितताओं के चलते सात कार्यकर्ताओं और छह सहायिकाओं का मानदेय रोकने के आदेश जारी किए। उन्होंने कहा कि सभी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। नोटिस का संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिला तो इन सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।बता दें कि जहां सभी सात आंगनबाड़ी केंद्र चल रहे हैं उनमें से चार आंगनबाड़ी केंद्र में मंगलवार की रात में चोरी भी हो चुकी है। आंगनबाड़ी केंद्र संख्या एक, दो, चार और पांच से चोर गैस सिलिंडर, मोटर, एलसीडी, थाली-गिलास, बाल्टी चाेरी कर लिया या है। जिसकी जांच पुलिस कर रही है।