ग्रेटर नोएडा। सेक्टर बीटा-2 स्थित श्री चंद्रवीरांचल दिगंबर तीर्थ क्षेत्र में अक्षय तृतीया के अवसर पर शनिवार को जैन समाज द्वारा धार्मिक आयोजन किया गया। इस दौरान लगभग 1000 किग्रा गन्ने के रस का वितरण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जैन महिला मंडल द्वारा भक्तामर स्तोत्र के पाठ से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि अक्षय तृतीया का जैन धर्म में विशेष महत्व होता है, क्योंकि इसी दिन भगवान ऋषभदेव आदिनाथ ने वर्षभर के कठिन उपवास के बाद राजा श्रेयांस के हाथों इक्षु रस से पारणा किया था। जैन समाज के अध्यक्ष अंकुर जैन ने इस अवसर पर कहा कि यह पर्व त्याग, तप और संयम की प्रेरणा देता है और सभी को दान व सेवा का संकल्प लेना चाहिए। ब्यूरो