दनकौर (संवाद)। ननुआ का राजपुर गांव के ग्रामीणों ने गांव के ही कुछ लोगों पर प्राचीन सार्वजनिक कुएं और ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। शिकायत में गौरव नागर, गोविंद नागर और अनु नागर समेत ग्रामीणों ने बताया कि गांव का प्राचीन सार्वजनिक कुआं वर्षों से ग्रामीणों की आस्था और परंपरा का केंद्र रहा है। विवाह व अन्य शुभ अवसरों पर यहां कुआं पूजन की रस्म निभाई जाती है। आरोप है कि कुएं के चारों ओर घेराबंदी कर उसके ऊपर लैंटर डालकर स्थायी निर्माण कर दिया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पारंपरिक कुआं पूजन करने से भी रोका जाता है और विरोध करने पर डराने-धमकाने का प्रयास किया जाता है। जिलाधिकारी ने शिकायत के बाद जांच कर कार्रवाई का आश्वाशन दिया है।