औद्योगिक सेक्टर साइट-4 कासना की एक पेंट बनाने वाली कंपनी में बुधवार दोपहर में आग लग गई। आग लगने से कंपनी में रखे केमिकल के ड्रम धमाकों के साथ फटने लगे। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
उसके बाद दमकल की टीम भी मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दमकल की 6 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका है, लेकिन लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
सेक्टर साइट-4 के भूखंड संख्या डी-79 में पेंट बनाने की फैक्टरी है। बुधवार को फैक्टरी बंद थी। वहां पर केवल कुछ सुरक्षाकर्मी तैनात थे। दोपहर चार बजे के आसपास कंपनी से धुंआ उठने लगा। सुरक्षाकर्मियों व आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के आने तक आग काफी तेजी से फैल गई और पूरी कंपनी को अपनी चपेट में ले लिया।
कंपनी से आग की लपटों के साथ काला धुंआ दूर तक उड़ने लगा। कुछ ही देर बाद फैक्टरी के अंदर से तेज धमाकों की आवाज आने लगी। जो कमेकिल ड्रम फटने की बताई जा रही है। सूचना पर दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। सीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया कि फैक्टरी बंद थी। किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। 6 गाड़ियों की मदद से करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।