माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने लग्जरी गाड़ियों के टायर चोरी करने वाले सक्रिय गैंग के लीडर अंकित समेत छह सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरोह में फिरोजाबाद के अंकित के अलावा राहुल, मनोज, मनीष कुमार, हर्ष उपाध्याय और जाकिर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों को 28 अगस्त 2025 को हुई मुठभेड़ के दौरान चोरी किए गए 20 टायर रिम सहित, 10 अलॉय व्हील, तीन तमंचे, छह जिंदा कारतूस और दो खोखे कारतूस सहित गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा 30 जुलाई 2025 को भी इन्हें चार टायर रिम सहित और चोरी का सामान बेचकर प्राप्त 4 हजार रुपये के साथ पकड़ा गया था। पुलिस के मुताबिक गैंग के सदस्य लंबे समय से जनपद में सक्रिय थे और कई मुकदमों में वांछित भी थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गैंग लीडर अंकित और उसके साथी राहुल, मनोज, मनीष, हर्ष और जाकिर के खिलाफ बीटा-2 थाना क्षेत्र में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।