किराए का फ्लैट दिलाने के नाम पर महिला से 1.38 लाख रुपये ठगे
नोएडा। ऑनलाइन प्रॉपर्टी वेबसाइट पर किराये का फ्लैट तलाशना सेक्टर-71 में रहने वाली एक महिला को भारी पड़ गया। साइबर ठग ने खुद को मकान मालिक बताकर सिक्योरिटी और एडवांस किराये के नाम पर उनसे 13 बार में 1,38,622 रुपये ट्रांसफर करा लिए। पीड़िता के मुताबिक, उन्होंने वेबसाइट पर किराये का फ्लैट तलाशते समय एक व्यक्ति से संपर्क किया था। उसने खुद को मकान मालिक बताकर फ्लैट किराये पर देने की बात कही। इसके बाद सिक्योरिटी राशि और एडवांस किराया जमा कराने के लिए अलग-अलग क्यूआर कोड भेजे। महिला ने उन कोड के जरिये कई बार भुगतान कर दिया। आरोप है कि रकम लेने के बाद व्यक्ति ने रिफंड दिलाने के नाम पर और पैसे मांगे। इस पर महिला को शक हुआ। संबंधित जगह पर जाकर जानकारी जुटाने पर उन्हें ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर ऑनलाइन शिकायत की।