नोएडा। छिजारसी कॉलोनी में रुपये के लेनदेन को लेकर चाकू से हमला कर हत्या का प्रयास करने के आरोपी को सेक्टर-63 थाना पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, छिजारसी कॉलोनी निवासी राहुल आयुर्वेदिक दवाओं की दुकान चलाता है। इसी कॉलोनी में कासगंज जिले के जासमई गांव निवासी रेहांशु सिंह भी रहता है। वह एक निजी कंपनी में सुरक्षाकर्मी के रूप में काम करता है। शुक्रवार की शाम रेहांशु दवा लेने के लिए राहुल की दुकान पर पहुंचा था। इसी दौरान दवा के भुगतान को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि कुछ देर बाद वह घर से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर वापस आया और राहुल पर हमला कर दिया। हमले में चाकू राहुल की गर्दन पर लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि बुधवार को आरोपी रेहांशु सिंह को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। ब्यूरो