नोएडा (संवाद)। फेज-1 थाना क्षेत्र के सेक्टर-10 में देशी शराब के ठेके के पास हुए विवाद के दौरान पथराव में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सेक्टर-28 स्थित सीवेज पंप निवासी मोहित पार्चा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन नवंबर की रात करीब 10 बजे वह सेक्टर-10 स्थित देशी शराब के ठेके के पास एक नाई की दुकान पर गए थे। वहां कुन्नु नाम का युवक लोगों से गाली-गलौज कर रहा था। लोगों के दौड़ाने पर वह छत पर चढ़ गया और नीचे खड़े लोगों पर पत्थर फेंकने लगा। आरोप है कि एक पत्थर मोहित की नाक पर लगा। इसके बाद कुन्नु की बहन अंजलि उर्फ कल्लो ने भी पत्थर से हमला कर दिया। आरोप है कि इसके बाद कुन्नु के परिजन अंजलि, कान्हा और मीना भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवक के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।