नोएडा। सेक्टर-19 में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार डिलीवरी बॉय घायल हो गया। पुलिस को दी गई तहरीर में पूर्वी दिल्ली निवासी रंजना देवी ने बताया कि वह अपने पति विंध्याचल गिरी के साथ रहती हैं। बीते 7 अगस्त की सुबह करीब सात बजे उनके पति अपनी मोटरसाइकिल से काम पर निकले थे। जैसे ही वह सेक्टर-19 के सी ब्लॉक गेट के समीप पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। विंध्याचल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।