रबूपुरा (संवाद)। कोतवाली क्षेत्र में गांव के कुछ लोगों ने रास्ते में ट्रैक्टर खड़ा कर बारात रोक दी। विरोध करने पर आरोपियों ने बारातियों के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। हमले में दूल्हे के चचेरे भाई समेत कई लोग घायल हो गए। शिकायत देते हुए बताया कि उटरावली गांव निवासी सतपाल अपने भतीजे अजीत की बारात लेकर दनकौर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही कुछ लोगों ने ट्रैक्टर खड़ा कर बारात रोक दी। बारातियों ने रास्ता देने को कहा तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें सतपाल के बेटे चिंटू समेत कई बाराती घायल हो गए। थाना प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला ने बताया प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।