दनकौर (संवाद)। दनकौर कोतवाली क्षेत्र के डेरीन गुजरान गांव में देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर ढाई लाख रुपये का कैश और लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए। गांव निवासी प्रमोद नागर एक कंपनी में नौकरी करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि रविवार रात करीब 2:30 बजे अज्ञात चोर उनके मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद आरोपियों ने कमरे का ताला तोड़ दिया और वहां रखे संदूक से करीब ढाई लाख रुपये का कैश तथा लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए। परिवार को चोरी की जानकारी सोमवार सुबह जागने पर हुई। इसके बाद परिजनों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें दो आरोपी घर में घुसते और वारदात को अंजाम देते दिखाई दिए। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।