नोएडा। सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव में चोरों ने निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाते हुए करीब 60 हजार रुपये के विद्युत तार चोरी कर लिए। वारदात का पता मंगलवार सुबह मकान मालिक के पहुंचने पर चला। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित रजित कुमार गांव में एक भूखंड पर मकान बनवा रहे हैं। इन दिनों मकान में बिजली की वायरिंग का काम चल रहा है। इसके लिए बड़ी मात्रा में विद्युत तार के बंडल खरीदकर रखे गए थे। सोमवार शाम वह मकान पर ताला लगाकर अपने पुराने घर चले गए थे। मंगलवार सुबह लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो विद्युत तार के बंडल गायब थे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।