माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बुलंदशहर निवासी एक महिला ने अपने पति और ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ दहेज की मांग और शारीरिक उत्पीड़न के आरोप में कासना कोतवाली में शिकायत दी है। बुलंदशहर निवासी मीनाक्षी का कहना है कि उनकी शादी दिनांक 15 मार्च 2021 को कासना कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक युवक से हुई थी। शादी में पिता द्वारा लगभग 50 लाख रुपये खर्च किए गए और एक कार दी गई। शादी में मिले दान-दहेज से संतुष्ट न होने के कारण पति, ससुर, सास, ददिया सास, ननद और चाचा ने बार-बार अतिरिक्त दहेज में फॉर्च्यूनर गाड़ी की मांग की। बीती 3 अक्टूबर की सुबह ससुराल वालों ने मारपीट की और जान से मारने की नीयत से चुन्नी से गला दबाया। शोर सुनकर पड़ोसी आए। तब आरोपियों ने पीड़ित को छोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रार्थी को सुरक्षित बाहर निकाला। आरोप है कि ससुर ने भाई को धमकी भरे कॉल किए कि अच्छा हुआ वह पीड़िता को लेकर चले गए वरना लाश भी नहीं मिलती। आरोप है कि पति अवैध पिस्तौल लेकर रहता है और उसका इस्तेमाल धमकाने के लिए करता है। वहीं कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ल का कहना है कि प्राप्त शिकायत के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।